केजरीवाल ने भगवंत मान एवं उनके विधायकों के साथ की पंजाब को मॉड्यूल स्टेट बनाने पर चर्चा
दिल्ली:आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, सभी कैबिनेट मंत्रियों और विधायकों के साथ दिल्ली में अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव में कड़ी मेहनत करने के लिए सभी का धन्यवाद किया और पंजाब को पूरे देश में एक मॉडल स्टेट बनाने को लेकर चर्चा की। बैठक की जानकारी देते हुए सीएम भगवंत मान ने कहा कि हम पंजाब में ऐसे काम करके दिखाएंगे जो पूरे देश में एक नजीर बनेगा और पंजाब को मॉडल स्टेट बनकर पूरे देश को दिखाएंगे। हमारी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी को लेकर शानदार काम कर रही है। इन कामों को और भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। हम अपनी गारंटियों से भी ज्यादा काम कर रहे हैं। हमने 17 टोल प्लाजा और विधायकों की एक से ज्यादा पेंशन को बंद कर दिया। यह सब गारंटी हमने नहीं दी थी।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली चुनाव में पंजाब के हमारे साथियों ने दिल्ली की गलियों में बहुत मेहनत की, इसके लिए अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने सभी साथियों का शुक्रिया अदा किया। पंजाब में हमारी सरकार जनता के हित में बिजली, शिक्षा, अस्पताल, इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कें से जुड़े अनेकों काम कर रही है। अब हमें इसे और तेज करना है। दिल्ली के अंदर 10 साल में आम आदमी पार्टी की सरकार ने बहुत सारे काम किए। आज भी दिल्ली के लोग कहते हैं कि जितने काम आम आदमी पार्टी ने किए हैं, पिछले 75 साल में उन्होंने पहले कभी ऐसे काम ना तो देखे और ना ही कभी सुने थे। हार-जीत तो चलती रहती है।
दिल्ली की टीम का तजुर्बा हम पंजाब में इस्तेमाल करेंगे। पंजाब में 850 से ज्यादा मोहल्ला क्लीनिक (आम आदमी क्लिनिक) स्थापित हो चुके हैं। अस्पतालों का कायाकल्प हो चुका है। स्कूल ऑफ एमिनेंस बनकर तैयार है और वहां से पढ़कर बच्चे बड़ी-बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं को पास कर रहे हैं। हम सबको मिलकर काम करना है। हमारी पार्टी काम करने के लिए जानी जाती है। हम जाति-धर्म, नफरत या पैसे बांटने की राजनीति नहीं करते हैं। दिल्ली के लोगों का आदेश हमारे सिर माथे पर है। आज हमारी दिल्ली की भी सारी टीम यहां मौजूद थी। हम सबने यह तय किया है कि पंजाब में हमारी सरकार के बचे दो सालों में, हम पंजाब को ऐसे मॉडल के रूप में बनाएंगे, जिसे सारे देश को दिखाया जा सके। चाहे वो शहरों, गांवों, व्यापार, दुकान या किसानों का विकास हो, हम पंजाब को एक मॉडल स्टेट बनाकर पूरे देश को दिखाएंगे। हमारे वालंटियर्स पूरी तरह से समर्पित हैं, वो किसी लालच में आने वाले नहीं हैं।
पंजाब के लोगों ने हर मोर्चे पर देश के लिए आगे आकर लड़ाई लड़ी है। चाहे वो आजादी की लड़ाई हो या देश में हरित क्रांति में बड़ा योगदान करके देशवासियों का पेट भरना हो। आम आदमी पार्टी के भी सबसे पहले चार एमपी पंजाब से ही आए थे। इसके बाद हम 2017 में विपक्ष में आए। 2022 में 117 में से हमारे 92 विधायक जीते। हमारे दादा-परदादा कोई बड़े नेता नहीं थे। हम जमीन से जुड़े हुए लोग हैं। इसलिए हर वक्त जनता के बीच ही रहते हैं। हम पंजाब को खेल, व्यापार से लेकर हर चीज में आगे लेकर जाएंगे।
सीएम भगवंत मान के अनुसार अभी तक वे व्यापारी वर्ग का विश्वास जीतने में कामयाब हुए हैं। टाटा स्टील, सनातन टेक्सटाइल जैसी देश की बड़ी-बड़ी कंपनियां पंजाब में निवेश कर रही हैं। इसके अलावा भी बड़े स्तर पर काम चल रहा है ताकि लोगों को रोजगार मिले। तीन साल में हम 50 हजार से ज्यादा सरकारी नौकरियां दे चुके हैं। किसी को एक रुपए की भी रिश्वत या सिफारिश नहीं लगानी पड़ी। सभी को मेरिट के आधार पर नौकरियां मिली हैं। कई घरों में तो दो-तीन लोगों को एक साथ सरकारी नौकरियां भी मिली हैं।
09:19 pm 11/02/2025