2027 में संभावित चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी मिशन मोड पर
दिल्ली: आम आदमी पार्टी 2027 में होने वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव की तैयारियों में अभी से मिशन मोड में जुट गई है। "आप" ने 2027 में एमसीडी में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है। इस बाबत शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने पार्टी के सभी पार्षदों के साथ बड़ी बैठक की। बैठक में मनीष सिसोदिया ने एक - एक पार्षद से उनके क्षेत्र की समस्याओं को जाना और उसका निवारण कराने का निर्देश दिया। मनीष सिसोदिया ने कहा कि अरविन्द केजरीवाल ने देश में काम की वैकल्पिक राजनीति को बढ़ाया है। हम इस वैकल्पिक राजनीति को न सिर्फ जन-जन तक पहुंचाएंगे, बल्कि इसे और मजबूत करने पर काम करेंगे।
बैठक में मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली नगर निगम 2027 चुनाव की तैयारियों का मंत्र दिया। साथ ही, उन्हें एक जुट रहकर भाजपा की हर जन विरोधी और गलत नीतियों का डटकर सामना करने व दिल्ली की जनता को राहत पहुँचाने का भी निर्देश दिया। मनीष सिसोदिया ने सभी पार्षदों को अपने क्षेत्र मे सक्रिय रहने और जनता के बीच मे रह कर उनकी समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने पार्षदों से कहा कि अपने क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से कराएं और भाजपा सरकार की असफलताओं को भी जनता के बीच लेकर जाएं। ताकि दिल्ली की जनता निगम में आम आदमी पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाए।
भाजपा बड़े बड़े वादे और दावे करके दिल्ली की सत्ता में आईं, जनता को झूठे वादों और बातों में गुमराह किया। अब इस चार इंजन वाली भाजपा सरकार की हकीकत जनता के सामने आने लगी है। महज तीन महीने में ही भाजपा सरकार के कुशासन से दिल्ली की जनता त्रस्त है। चार इंजन की सरकार के बाद भी बिजली, साफ पानी, शिक्षा माफिया से दिल्ली के लोग परेशान हैं। भाजपा की हर जनविरोधी गतिविधियों का हमें पुरजोर विरोध करना है और जनता के बीच लेकर जाना है। जनता को भाजपा की असल सच्चाई से रूबरू करना है ताकि आगामी दिल्ली नगर निगम चुनाव में उसके झूठे वादों और बातों से लोग गुमराह न हों और आम आदमी पार्टी की प्रचंड बहुमत से नगर निगम में सरकार बनाएं।
वहीं, दिल्ली नगर निगम में "आप" के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि निगम की सत्ता में रहने के दौरान "आप" की सरकार ने ढेरों जनहित के काम किए। बड़ी संख्या में कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया गया। कुछ माह पहले 12 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का सदन में प्रस्ताव पास किया गया था लेकिन अभी तक उसे लागू नहीं किया गया है। इसी तरह प्रॉपर्टी टैक्स में छूट का भी पास प्रस्ताव लागू नहीं हुआ है। लेकिन इसके लिए हमारा संघर्ष जारी रहेगा। हमें "आप" सरकार में जनहित के किए गए कामों को जनता तक पहुंचाना है और भाजपा की गलत नीतियों को उजागर करना है।
दरअसल, आम आदमी पार्टी आगामी नगर निगम चुनाव में प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। पिछले चुनाव में दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को बहुमत तो दिया, लेकिन थोड़ी सी कसर रह गई थी। इसका परिणाम यह रहा कि भाजपा अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करके एमसीडी का काम रोकती रही।
08:35 pm 23/05/2025