.jpeg)
दिल्ली: आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने दिल्ली विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र से पहले भाजपा की दिल्ली सरकार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। आतिशी ने कहा कि आज दिल्ली विधानसभा का एक दिवसीय सत्र है। इस सत्र की शुरुआत से पहले दिल्ली की भाजपा की सरकार से और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछना चाहते हैं कि दिल्ली के महिलाओं के 2500 रुपए कब आएंगे? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले जनवरी 2025 में ये वादा किया था कि आठ मार्च 2025 को दिल्ली के हर महिला के खाते में 2500 रुपए आयेंगे। उन्होंने कहा था ये 'मोदी की गारंटी' है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि दिल्ली की महिलाएं अपने फोन नंबर को अपने बैंक खातों से लिंक कर ले क्योंकि आठ मार्च को उनके खाते में 2500 रुपए जमा होने का फोन में मैसेज आएगा।
प्रधानमंत्री जी, आठ मार्च 2025 तो निकल गया, आठ मार्च 2026 भी निकल गया। लेकिन दिल्ली की महिलाओं के पास 2500 तो छोड़िए 25 पैसे भी नहीं आए। दिल्ली की मुख्यमंत्री बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए जाती है और कहती है कि बंगाल के महिलाओं को पैसे देंगे। आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पूछा कि दिल्ली की महिलाओं को आपने धोखा दे दिया, इस धोखे के आधार पर दिल्ली की महिलाओं का वोट ले लिया लेकिन आज भी दिल्ली की महिलाएं सवाल पूछ रही है कि मेरे 2500 कब आयेंगे? दिल्ली की महिलाओं को परेशान करने के लिए भाजपा ने कोई कसर नहीं छोड़ी। जो महिलाएं आराम से शान से डीटीसी बसों में यात्रा कर सकती थी, वो जानती थी फ्री टिकेट उन्हें मिलना ही मिलना है, अब वो इस पिंक कार्ड के लिए पंक्तियों में खड़ी है। जो दिल्ली की महिलाएं मोहल्ला क्लिनिक जाकर मुफ्त में दवाई, इलाज और टेस्ट करवाती थी, आज वो दर दर भटक रही है कि 2500 रुपए कब आएंगे?
इसके बाद आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में मुख्य सचेतक संजीव झा ने कहा कि दिल्ली विधानसभा का प्रयोग भाजपा अपनी ओछी राजनीति के लिए कर रही है। दिल्ली के लोग खास तौर से महिलाएं परेशान हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री बंगाल में जाकर कह रही है कि बंगाल के महिलाओं को पैसे मिलेंगे, उन्होंने कहा कि आपने जो दिल्ली की महिलाओं से वादा किया था उसकी बात नहीं कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से संजीव झा ने सवाल किया कि दिल्ली विधानसभा में एक दिवसीय सत्र में महिला आरक्षण बिल पर चर्चा करना चाहते हैं लेकिन वास्तव में महिलाएं सशक्त तभी होंगी जब उनके अधिकार उनको मिलेंगे। आपने जो 2500 देने का वादा किया था वो वादा पूरा करेंगे।आज दिल्ली में बहुत सारी ऐसी महिलाएं हैं जिन्हें विधवा पेंशन या बुजुर्गों की पेंशन मिलती थी लेकिन आज उन्हें वह पेंशन नहीं मिल रही है। ऐसे में महिलाएं कैसे सशक्त होंगी और कैसे सफल होंगी? दिल्ली विधानसभा एक ऐसी जगह है जहां दिल्ली की जनता को यह उम्मीद रहती है कि हमारे विषयों पर चर्चा होगी। इसलिए भाजपा कम से कम दिल्ली विधानसभा को अपनी राजनीतिक कुंठा पूरी करने की जगह बिल्कुल न बनाए।
वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व कोंडली विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि हमें तो उम्मीद है कि भाजपा आज महिलाओं के खाते में 2500 रुपए दे देगी। भाजपा जिस वादे को करके आई थी, उन्होंने वह वादा पूरा नहीं किया। भाजपा ने दिल्ली की महिलाओं के साथ जिस प्रकार का धोखा किया है, वे महिलाएं आज एक साल से इंतजार कर रही हैं। हम लगातार यह मांग उठा रहे हैं कि भाजपा अपना 2500 रुपए देने का वादा पूरा करे। यह हम नहीं कह रहे हैं, बल्कि भाजपा ने खुद दिल्ली के लोगों और दिल्ली की महिलाओं से 2500 रुपए देने का वादा किया था और महिलाएं आज भी उसका इंतजार कर रही हैं।