
दिल्ली देहात के गांवों में विकास कार्य और हितों के लिए लगातार आवाज उठाने वाले कांग्रेस के शीर्षस्थ नेता राहुल गांधी और 31 मार्च को दिल्ली के नवनियुक्त उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू के समक्ष ग्राम वासियों के अधिकारों व समस्याओं की बात रखने पर दिल्ली देहात मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने आज दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव से मिलकर उनको पगड़ी बांधकर सम्मानित किया और मोर्चा के अध्यक्ष राजीव यादव ने उनका धन्यवाद भी किया।
दिल्ली देहात मोर्चा ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारा ग्रामीण गांवों के ज्वलंत मुद्दों को उठाने और विशेष कर गांवों की कृषि भूमि के सर्किल रेट को 53 लाख से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये प्रति एकड़ करने की आवाज उठाने और नए सेक्टर बसाने के साथ-साथ गांव की 36 बिरादरी के लिए नए स्मार्ट विलेज बसाने की मांग को उठाने के लिए भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण गांवों के किसानों के पास जमीन एकमात्र अजीविका का सहारा होता है, और जमीन अधिग्रहण के बाद ग्रामीण लोगों के रोजगार भी खत्म हो जाते हैं।
दिल्ली देहात मोर्चा ने दिल्ली देहात के मुद्दों को लेकर गांव-गांव में एक सांझी यात्रा निकालने का प्रस्ताव भी प्रदेश अध्यक्ष के सामने रखा, जिस पर सहमति जताते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने रुपरेखा तैयार करने के लिए प्रतिनिधिमंडल को कहा।