अचानक बुलाये गए विशेष सदन का आम आदमी पार्टी के निगम पार्षदों ने किया बहिष्कार

दिल्ली: अचानक बुलाए गए एमसीडी के विशेष सदन का आम आदमी पार्टी के निगम पार्षदों ने किया बहिष्कार । एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि एमसीडी का विशेष सदन ऐसे समय बुलाया गया, जब ‘‘आप’’ जंतर-मंतर पर भाजपा के लिए वोट चोरी करने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे की मांग कर रही है। एमसीडी ने जान-बूझकर तत्काल में सदन की बैठक बुलाया ताकि जनप्रतिनिधि वोट चोरी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद ना कर पाएं। इसलिए सदन की बैठक का हमने बहिष्कार किया। उन्होंने कहा कि गोडसे के भक्त, अब एमसीडी सदन में महात्मा गांधी के नाम पर उन्हीं की जयंती पर राजनीति कर रहे हैं। दिल्ली की जनता के असली मुद्दे, सफाई, कूड़ा और बदहाल नागरिक सुविधाओं पर जवाब देने के बजाय भाजपा बैठक रखकर दिखावे की राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज पूरे हिंदुस्तान का जेन-जी युवा जंतर-मंतर की तरफ बढ़ा, लेकिन चाहे दिल्ली हो, देश का कोई कोना हो या कोई बॉर्डर, युवाओं को जगह-जगह रोक दिया गया। आज इस लोकतांत्रिक देश के अंदर बिना किसी हिंसा के शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना भी बहुत मुश्किल हो गया है और भाजपा दिन-प्रतिदिन लोकतंत्र की हत्या करती जा रही है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश कहलाता है, लेकिन जहां चुनाव कराने वाला चुनाव आयोग खुद बिका हुआ हो, वहां लोकतंत्र की हत्या अपने आप हो जाती है। ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा मांगने के लिए आज देश का हर युवा सड़क पर उतर रहा था, लेकिन पुलिस तंत्र ने उन्हें जंतर-मंतर पर एकत्रित नहीं होने दिया। जगह-जगह थानों के एसएचओ लोगों को बुलाकर डरा रहे हैं कि जंतर-मंतर मत जाना, वरना मुकदमा दर्ज हो जाएगा और आगे नौकरी नहीं मिलेगी।
दिल्ली का यह पुलिस तंत्र बच्चों के साथ होने वाले अपराधों को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित होता है। शहर में रोजाना होने वाली लूटपाट, हत्याएं और सड़कों पर युवाओं पर होने वाले 15-15 चाकुओं के वार के मुजरिमों को पुलिस पकड़ नहीं पाती, लेकिन जो बेगुनाह युवा देश की आवाज उठाने जा रहे हैं, उन्हें जंतर-मंतर पहुंचने से सख्ती से रोकती है। भाजपा अपनी सबसे निम्न स्थिति में पहुंच चुकी है और उसे अच्छी तरह पता है कि देश का युवा और पूरी जनता उसके खिलाफ खड़ी है। आम आदमी पार्टी के पार्षदों को जंतर-मंतर जाने से रोकने के लिए आज जानबूझकर एमसीडी का सदन बुलाया गया। भाजपा की असंवेदनशीलता इतनी ज्यादा है कि आज ही के दिन भाजपा के महापौर की माता जी की क्रिया और अंतिम भोग था, लेकिन उसका भी लिहाज किए बिना भाजपा ने आज ही सदन की बैठक रख दी। गोडसे के भक्त आज महात्मा गांधी के नाम पर एमसीडी में गंदी राजनीति कर रहे हैं। उस सदन में सिर्फ भाजपा के चंद पार्षद बैठे नजर आए, जिसका न तो कोई महत्व था और न ही उससे जनता का कोई भला होना था।
दिल्ली की जनता चाहती है कि हर सड़क, हर ढलाव और हर गली साफ रहे, जलभराव न हो, प्रदूषण न फैले और बाढ़ जैसी स्थिति न बने। लेकिन भाजपा के शासन में ये सारी समस्याएं और बढ़ गई हैं। पूरी दिल्ली में हर सड़क और गली वल्नरेबल पॉइंट में तब्दील हो चुकी है, चारों तरफ सिर्फ कूड़ा नजर आता है और सड़कों को ढलाव बना दिया गया है। चंद बारिशों के अंदर ही पूरी दिल्ली डूबती नजर आई। एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष ने याद दिलाया कि जो भाजपा वाले पहले अरविंद केजरीवाल का झीलों का शहर कहकर मजाक उड़ाते थे, आज उन्हीं के राज में किसी भी गली या सड़क पर चले जाएं, हर तरफ सिर्फ जलभराव दिखता है। भाजपा को जनता के मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है। वे सिर्फ एमसीडी के नेक्सस के साथ मिलकर अपनी जेबें भरने, पीजी चलाने, भ्रष्टाचार करने और सत्ता के लोभ में आए हैं। आने वाले समय में यही युवा और देश की जनता भाजपा को सत्ता से उखाड़ कर फेंक देगी।
07:52 pm 02/10/2026