बिल्डर्स को जमीन देकर गोवा को बर्बाद करने पर तुली है वहाँ की सरकार

गोवा क्रांति दिवस पर आजाद मैदान में शहीदों को श्रद्वांजलि देने जा रहे कारापुर के लोगों को हिरासत में लेने पर भाजपा उर्फ कथित ईडी पार्टी पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार का इरादा कारापुर में बिल्डर्स को ज़मीन देकर गोवा को पूरी तरह बर्बाद करने का है। आज गोवा क्रांति दिवस मनाया जा रहा है। किसी ने सोचा भी नहीं था कि एक दिन गोवा में ऐसी सरकार आएगी, जो अंग्रेजों और पुर्तगालियों से भी ज्यादा तानाशाही करेगी। जैसे अंग्रेजों और पुर्तगालियों का अहंकार टूटा था, वैसे ही एक दिन भाजपा का अहंकार भी टूटेगा और जनता की जीत होगी। गोवा दौरे पर आए राष्ट्रीय संयोजक ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि इस सरकार का पूरा प्लान बिल्डरों और कॉलोनाइजर्स को जमीन देकर कारापुर को पूरी तरह से बर्बाद करने का है। इसमें करोड़ों-अरबों रुपए का लेनदेन हुआ है। कारापुर के निवासी बिल्कुल नहीं चाहते कि यह प्रोजेक्ट वहां लागू हो।
उन्होंने कहा कि आज गोवा क्रांति दिवस के मौके पर कारापुर के लोग शांतिपूर्ण तरीके से आजाद मैदान आकर अपने शहीदों को श्रद्धांजलि देना चाहते थे। यह हर भारतीय का अधिकार है कि वे ऐसे ऐतिहासिक दिन पर आकर अपने शहीदों को सम्मान दे सकें। लेकिन इन लोगों को थाने में रोक लिया गया है। बहुत से लोगों को हिरासत में ले लिया गया है और उन्हें आजाद मैदान नहीं आने दिया जा रहा है। यह अपने आप में एक बहुत बड़ी विडंबना है। आगे कहा कि आज हम गोवा क्रांति दिवस इसलिए मना रहे हैं क्योंकि इसी दिन हमारे लोगों ने पुर्तगालियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की थी। उन्होंने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करके मडगांव में एक सभा की थी, जिसके लिए उन्हें गिरफ्तार किया गया था। जब 1961 में गोवा को आजादी मिली थी, तो लोगों ने सोचा था कि अब वे अपने स्वतंत्र देश का हिस्सा बन रहे हैं और उन्हें सच्ची आजादी मिलेगी। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि सत्ता में एक ऐसी सरकार आएगी जो पुर्तगालियों और अंग्रेजों से भी ज्यादा बदतर, षड्यंत्रकारी और अत्याचारी होगी।
उनका कहना है कि जिस तरह अंग्रेजों और पुर्तगालियों का अहंकार नहीं चला, उसी तरह ईडी पार्टी का अहंकार भी नहीं चलेगा। एक दिन इनका अहंकार जरूर टूटेगा और अंततः जनता की ही जीत होगी। आम आदमी पार्टी पूरी तरह से कारापुर के निवासियों के साथ है और उन सभी लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है, जो अपने-अपने इलाकों में अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं।
07:29 pm 18/06/2026