
दिल्ली: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में आज नजफगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी में एसआईआर पर बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण शिविर को आयोजन जिला अध्यक्ष राजेश यादव ने द्वारका मोड़ स्थित रायल बैंक्वट हाॅल में किया गया। बीएलए-2 प्रशिक्षण शिविर में जिला अध्यक्ष श्री राजेश यादव ने नजफगढ़ जिला के अंतर्गत, सभी ब्लाक अध्यक्षों, पांचों विधानसभा के बीएलए-1 और सभी बूथों पर बने बीएलए-2 की उपस्थिति को सुनिश्चित किया।
प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने दीप प्रज्वलित करके और वंदे मातरम गायन के साथ शुरू किया। प्रशिक्षण शिविरों में प्रशिक्षण बूथ मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन श्री राजेश गर्ग व उनकी टीम के द्वारा किया गया। प्रशिक्षण शिविर में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के अलावा दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. नरेंद्र नाथ, महासचिव (संगठन) अनिल भारद्वाज, पूर्व विधायक और उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष तसवीर सोलंकी, महासचिव डॉ. पी के मिश्रा और धर्मपाल चंदेला, राजेश गर्ग, पूर्व प्रदेश महिला अध्यक्ष अमृता धवन, पूर्व डीसीसी अध्यक्ष ओम दत्त यादव और सतबीर शर्मा, सुषमा यादव, नजफगढ़ जिला महिला अध्यक्ष इंदिरावती के साथ भारी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि एसआईआर पर बीएलए-2 का प्रशिक्षण शिविर में दी गई जानकारी और बूथ स्तर पर काम करने की शैली सिर्फ बीएलए-2को ही लागू नही करनी है, बल्कि भाजपा की चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत करके वोट चोरी, चुनाव चोरी और अब राज्यसभा की सीट चोरी करने के बाद प्रत्येक छोटे बड़े कांग्रेस कार्यकर्ता सहित बड़े नेताओं को भाजपा और चुनाव आयोग की जुगलबंदी के षडयंत्र के खिलाफ एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि अब तक भाजपा विधानसभा और लोकसभा चुनाव में वोट चोरी करके भाजपा चुनाव जीत रही थी लेकिन अब राज्यसभा के चुनाव पर तानाशाही तरीके के चुनाव आयोग पर दबाव बनाकर मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किया है, उससे भाजपा ने सभी संवैधानिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर लोकतंत्र की हत्या कर दी है।
उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ आयोजित संवाददाता सम्मेलन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले 15 महीनों में रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली के लोगों के लिए कुछ नही किया, यही कारण है कि मुख्यमंत्री ने केन्द्र द्वारा किए ऐसे कामों का बखान किया जिनसे देश और दिल्ली की आम जनता का दूर-दूर तक कोई सरोकार नही है।