करमपुरा वार्ड 89 में ड्यूटी के दौरान जान गवाने वाले सफाई कर्मचारी को एक करोड़ के मुआवजे की माँग

दिल्ली: कर्मपुरा वार्ड 89 में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सफाई कर्मचारी संदीप के परिजनों से एमसीडी के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने मुलाकात कर उनका दुख साझा किया। साथ ही भाजपा सरकार से पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। इस बाबत मंगलवार को उन्होंने दिल्ली नगर निगम समस्त कोर कमेटी के सदस्यों के साथ डिप्टी कमिश्नर से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की पुरजोर मांग है कि दिवंगत कर्मचारी के परिवार को 1 करोड़ मुआवज़ा और एक सदस्य को स्थायी नौकरी जल्द से जल्द दी जाए।
दिल्ली के करोलबाग ज़ोन स्थित वार्ड 89 कर्मपुरा, में सोमवार को ऑन-ड्यूटी सफ़ाई कर्मचारी संदीप की हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। एक कर्मचारी, जो पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभा रहा था, उसके साथ ऐसा व्यवहार आखिर क्यों किया गया। क्या कर्मचारियों की गरिमा और मानसिक स्वास्थ्य की कोई कीमत नहीं है? आम आदमी पार्टी मांग करती है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराई जाए। दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी हमारे शहर की रीढ़ हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है। दिवंगत संदीप जी को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर उनके परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। कहा कि करोल बाग जोन के वार्ड 89 के एक सफाई कर्मचारी संदीप दो महीने पहले ही पक्के हुए थे। पक्का होने के बावजूद उन्हें अभी तक नई पोस्टिंग और नई तनख्वाह नहीं मिली थी ।
ऐसा कहा जाता है कि करोल बाग जोन के अंदर डीसी दिलखुश मीणा की वजह से डर का एक ऐसा माहौल बना हुआ है, जिसमें लोग काम करने में बड़ा असहाय महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मैंने संदीप के परिजनों से मुलाकात की। इसके साथ ही आज दिल्ली की सफाई कोर कमेटी और मजदूर यूनियन से भी मुलाकात की। फिर डीसी दिलखुश मीणा को चेयरमैन पुनीत राय जी के कमरे में बुलाकर यूनियन और उसकी कोर कमेटी के साथ बैठक की। इस दौरान करोल बाग जोन के अंदर आ रही दिक्कतों को दूर करने पर बात की गई।
उन्होंने दिवंगत संदीप के परिवार के लिए दिल्ली सरकार से 1 करोड़ रुपए की मांग की। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान मृत्यु पर जो 45 लाख रुपए का कार्य मुआवजा बनता है, वह परिवार को तुरंत प्रभाव से दिया जाए और इसमें से 2 लाख रुपए आज ही दिए जाएं। साथ ही उनके परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी मिले ताकि वे अपना भरण-पोषण कर सकें।उन्होंने कहा कि संदीप के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। उन बच्चों की आगे की शिक्षा की उचित व्यवस्था एमसीडी बनाए। इस बारे में डीसी दिलखुश मीणा को ब्रीफ कर दिया गया है।
इस मीटिंग के दौरान कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं भी बताईं ताकि करोल बाग जोन के अंतर्गत आने वाले सभी 13 वार्डों के निवासियों को एक बेहतर सफाई व्यवस्था दी जा सके। इस पर चर्चा की गई और अंत में संदीप की दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई। इस अवसर पर करोलबाग जोन अध्यक्ष पुनीत राय और पुर्व जोन अध्यक्ष व स्थानीय पार्षद राकेश जोशी उपस्थित रहे।
04:57 pm 03/03/2026