मजलिस पार्क में बना चौथा कूड़े का पहाड़

दिल्ली: देश की राजधानी को खूबसूरत शहर बनाने का दम भरने वाली दिल्ली की चार इंजन की सरकार ने दिल्लीवालों को दी एक नए कूड़े के पहाड़ की सौगात । एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने सिविल लाइंस जोन के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास सरकार द्वारा बनाए जा रहे चौथे कूड़े के पहाड़ का दौरा कर वहां रह रहे लोगों को हो रही परेशानी का जायजा लिया। दिल्लीवालों को तीन कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति दिलाने के बजाय दिल्ली में चौथा कूड़े का पहाड़ बनाया जा रहा है । यहां एमसीडी का सारा कूड़ा फेंका जा रहा । कूड़े के पहाड़ से निकलने वाली बदबू से यहां रह रहे लोगों का जीना दुश्वार हो गया है।
एमसीडी के नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह मजलिस पार्क, जहांगीरपुरी का इलाका है। यहां मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन भी है। यह सिविल लाइंस जोन में आता है। मजलिस पार्क में चौथा कूड़े का पहाड़ बन चुका है। दिल्ली की सरकार तीन कूड़े के पहाड़ हटाने की बात करती थी, लेकिन अब चौथा पहाड़ खड़ा कर रही है। यहां कूड़ा, सिल्ट और मलबा यानी सीएनडी वेस्ट भी पड़ा है। एमसीडी सारा कूड़ा यहीं डाल रही है। अब एमसीडी का कूड़ा तीनों कूड़े के पहाड़ों पर नहीं जा रहा है बल्कि एक नया कूड़े का पहाड़ बनाया जा रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह सिविल लाइंस जोन है और इस ज़ोन से मेयर राजा इकबाल सिंह जी निगम पार्षद हैं। और इस वार्ड के चेयरमैन गुलाब सिंह राठौर हैं, जो भाजपा के ही हैं। भाजपा का महापौर और चेयरमैन मिलकर मजलिस पार्क में नया कूड़े का पहाड़ बना रहे हैं। उनसे पूछे जाने पर कि यह कूड़े का पहाड़ क्यों बन रहा है, तो उनका जवाब था मुख्यमंत्री की नई ‘सीएम कूड़ा योजना’ के तहत चौथा पहाड़ बनाया जा रहा है। मेगा सफाई अभियान की बात करती है, जो पूरी तरह हवा हवाई है। सीएम रेखा गुप्ता, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और मेयर राजा इकबाल सिंह कूड़े के पहाड़ पर जाकर फोटो खिंचवाते हैं, लेकिन दूसरी तरफ मजलिस पार्क में नया कूड़ा पहाड़ बना रहे हैं। वह इस कूड़े के पहाड़ को हटाने के लिए मुख्यमंत्री, मंत्री, महापौर और कमिश्नर को चिट्ठी लिखकर बतायेंगे कि उन्होंने कूड़े के इस चौथे कूड़े पहाड़ का दौरा किया है। मजलिस पार्क में एक महीने में आठ-नौ फुट ऊंचा कूड़ा जमा हो गया है। सरकार दिल्ली को सुंदर शहर बनाने की बात करती थी, लेकिन क्या यही उनका सौंदर्यीकरण है? “आप” सदन में यह मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाएगी।
बारिश के कारण वेक्टर जनित बीमारियां बढ़ेंगी। यहां मक्खियां और मच्छर हैं। बदबू और गंदगी से लोगों का निकलना मुश्किल है। भाजपा कूड़े का पहाड़ बनाकर अवैध कब्जा कर सकती है। यहां पार्क बनना था। “आप” की सरकार में अरविंद केजरीवाल ने इसे साफ करवाया था। अब एक महीने से कूड़ा जमा हो रहा है। यह पार्क आदर्श नगर, बुराड़ी और बादली विधानसभाओं के बीच है। तीनों इलाकों के लोग यहां आ सकते थे। यह जगह आउटर रिंग रोड और मेट्रो स्टेशन के पास है। कहीं भाजपा इसे म्यूजियम बताकर टिकट लगाने की योजना तो नहीं बना रही? कहेंगे कि ‘सीएम कूड़ा योजना’ के तहत हेरिटेज बना दिया। यह कूड़ा मेट्रो से दिखेगा। भाजपा का यही सुंदर दिल्ली का सपना है। इस दौरे में उनके साथ पार्षद अजीत सिंह यादव, जोगिंदर, पप्पू, टिम्सी शर्मा और अजय शर्मा समेत आम आदमी पार्टी के अन्य नेता शामिल थे । जब "आप" नेताओं के साथ मजलिस पार्क में बनाए जा रहे चौथे कूड़े के पहाड़ को देखने पहुंचे तो उसी दौरान वहां दिल्ली जल बोर्ड की एक गाड़ी भी कूड़ा डालने पहुंची। गाड़ी में सिल्ट और कचरा भरा हुआ था। उन्होंने गाड़ी चालक से जानकारी ली तो पता चला कि डीजेबी की गाड़ियां अक्सर यहीं पर कूड़ा डालने आती हैं।
10:45 pm 26/07/2025