आम आदमी पार्टी निगम स्थायी समिति सदस्य का पद अवश्य जीतेगी: अंकुश नारंग
दिल्ली: आम आदमी पार्टी ने वार्ड 184 से पार्षद हेमा श्रीचंद वोहरा को स्थायी समिति सदस्य के चुनाव के लिए प्रत्याशी बनाया है। बुधवार को हेमा ने सिविक सेंटर मुख्यालय स्थित निगम सचिव कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस अवसर पर दिल्ली के पूर्व मेयर महेश कुमार खिंची, निगम पार्षद पुनीत राय, गगन चौधरी और श्रीचंद वोहरा मौजूद रहे। निगम में ‘‘आप’’ के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने हेमा को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि आम आदमी पार्टी इस पद को अवश्य जीतेगी।
दिल्ली नगर निगम के सिविक सेंटर मुख्यालय स्थित निगम सचिव कार्यालय में बुधवार को निगम सदन से नामांकन के लिए आम आदमी पार्टी की तरफ से स्थायी समिति सदस्य पद की उम्मीदवार हेमा ने नामांकन दाखिल किया। हेमा वार्ड 184 से आम आदमी पार्टी की पार्षद हैं। नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने बताया कि स्थायी समिति में 18 सदस्य होते हैं। इसमें 12 सदस्य जोन से और 6 एमसीडी सदन से चुने जाते हैं। सदन से चुने जाने वाले छह सदस्यों में से एक पद खाली हो गया था। इस पद के लिए ‘‘आप’’ की तरफ से हेमा ने अपना नामांकन दाखिल किया है। उन्होंने बताया कि आगामी तीन जून को एमसीडी का हाउस बुलाया गया है। सदन में स्थायी समिति सदस्य के लिए वोटिंग होगी और उसी दिन जीत की घोषण की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बदरपुर के जैतपुर से पार्षद श्रीमती हेमा वोहरा और उनके पति श्रीचंद वोहरा एवं परिवार के सभी सदस्य आम आदमी पार्टी के लिए समर्पित है 2012 से अन्ना आंदोलन के समय से आम आदमी पार्टी से जुड़े हुए हैं। श्रीचंद वोहरा पार्टी के बेहद कर्मठ कार्यकर्ता हैं और पार्टी संगठन में काफी काम किया है। उन्होंने कई राज्यों में पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारियों को बखूबी निभाई है। पार्टी ने 2017 में श्रीचंद वोहरा को पार्षद का चुनाव के लिए भी खड़ा किया था, लेकिन वो हार गए थे। इसके बाद 2022 में उनकी पत्नी ने चुनाव लड़ा और वह अपने क्षेत्र जैतपुर से चुनाव जीत गईं। "आप" पार्टी के जुझारू एवं कर्मठ पुराने कार्यकर्ता श्रीमती हेमा श्रीचंद वोहरा को निगम की अहम स्थायी समिति सदस्य पद के लिए पार्टी ने उम्मीदवार बनाया।
07:42 pm 28/05/2025