
दिल्ली: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया जो कि केजरीवाल सरकार में दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं, ने दिल्ली की वर्तमान रेखा गुप्ता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में फर्जीवाड़े को पूरा हुआ एक साल ।दिल्ली में एक साल पहले आज ही के दिन भाजपा की सरकार बनी और एक साल में दिल्ली बर्बाद हो गई। दिल्ली सरकार ने इस दौरान जमकर फर्ज़ीवाड़ा किया। मोदी जी ने महिलाओं को 8 मार्च 2025 तक ₹2500 देने की गारंटी दी थी लेकिन एक साल होने के बावजूद आज तक एक रुपया नहीं मिला है। जब केजरीवाल सरकार थी तब यहां प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए तमाम प्रयास किए जाते थे। लेकिन इस बार रेखा गुप्ता सरकार हाथ पर हाथ रखकर बैठी रही। जब दिल्लीवालों ने विरोध प्रदर्शन किया तब सरकार ने काम करने की जगह फर्ज़ीवाड़ा करना शुरू कर दिया। AQI मापने वाले सेंटर बंद कर दिए गए, वहाँ दिनभर पानी का छिड़काव किया गया लेकिन उनका फर्ज़ीवाड़ा चला नहीं और सच सामने आ गया।
इनकी सरकार बनते ही प्राइवेट स्कूलों ने बेतहाशा फीस बढ़ा दी। बच्चों के अभिभावक जब फीस नहीं दे पाये तो बच्चों को स्कूल में बंद कर दिया गया और उनके Admit Card तक रोक दिए गए। BJP ने चुनाव में वादा किया कि ‘जहाँ झुग्गी-वहाँ मकान’ लेकिन सरकार बनते ही ‘जहाँ झुग्गी-वहाँ मैदान’ और लोगों को बेघर करना शुरू कर दिया। यमुना जी की सफ़ाई के नाम पर बहुत बड़ा फर्ज़ीवाड़ा किया। छठ पूजा के समय एक नक़ली यमुना बनाकर कहने लगे कि यमुना जी साफ़ हो गई हैं। दिल्ली में एक लाख से ज़्यादा नौजवानों को नौकरी से निकाल दिया। बीजेपी सरकार के एक साल पूरा होने का जश्न मना रही है और लाखों परिवार मातम मना रहे हैं।
दिल्ली में सरकारी अस्पतालों को भाजपा ने बर्बाद कर दिया है। फ़्री दवाएं, इलाज और टेस्ट बंद हो गए हैं। अरविंद केजरीवाल जी की सरकार ने 24 अस्पतालों का निर्माण कराया था और बीजेपी उन्हें निजी हाथों में दे रही है। इन्होंने दिल्ली को कूड़े की राजधानी बना दिया, हर गली और नुक्कड़ में कूड़े का अंबार लगा हुआ है। जिससे बीमारियां फ़ैल रही हैं लेकिन भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही है । उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में मोहल्ला क्लीनिक में लोग अपना इलाज करा रहे थे, मुफ्त दवाएं मिल रही थीं। अब रेखा गुप्ता सरकार उन्हें बंद करा रही है, यह सरकार जनता को खुश नहीं देख सकती है।
अंत में पूर्व उप- मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता ने बीजेपी सरकार का एक साल में इतना फर्ज़ीवाड़ा और बदहाली देख ली है कि अब जनता को अरविंद केजरीवाल जी याद आ रहे हैं और हर दिल्लीवासी यही कह रहा है — “एक साल दिल्ली बेहाल, याद आ रहे केजरीवाल”