उज्ज्वला योजना के तहत एमसीडी कर्मचारियों को निःशुल्क गैस चूल्हा एवं गैस कनेक्शन
दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय सिविक सेंटर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत दिल्ली नगर निगम द्वारा एक विशेष वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह की उपस्थिति में नगर निगम के कर्मचारियों को 251 निःशुल्क गैस चूल्हा और एलपीजी सिलेंडर प्रदान किए। इस मौके पर उप महापौर जयभगवान यादव, स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा एवं पर्यावरण प्रबंधन कमेटी के चेयरमैन संदीप कपूर, शिक्षा समिति दिल्ली नगर निगम के अध्यक्ष योगेश वर्मा, पूर्व महापौर अवतार सिंह, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के संयोजक राकेश प्रजापति सहित अन्य पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में लाभार्थी उपस्थित थे।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के हित में किए जा रहे कार्यों को दर्शाती है। पहले बरसात के मौसम में महिलाओं को खाना बनाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन उज्ज्वला योजना के बाद यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है। लकड़ी और पारंपरिक चूल्हों से होने वाले धुएं के कारण स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को नुकसान पहुंचता था, जिसे यह योजना कम करने में सहायक है।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि बीते बारह वर्षों में देश ने व्यापक परिवर्तन देखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की पीड़ा को समझते हुए स्वच्छ ईंधन जैसी योजनाएं लागू कीं, जिससे आज महिलाओं को रसोई में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि प्रदूषण मुक्त दिल्ली के मुहिम में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का एक बड़ा योगदान है। एक देश का विकास तभी संभव हो सकता है जब उसकी शुरुआत घर की रसोई से हो। दशकों तक गरीब परिवारों की महिलाएं धुएं भरे चूल्हों पर खाना बनाने को मजबूर रहीं, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होती थीं। प्रधानमंत्री मोदी ने उज्ज्वला योजना के माध्यम से स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराकर महिलाओं को इस अभिशाप से मुक्ति दिलाई है।
दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत नगर निगम के 251 कर्मचारियों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नगर निगम दिल्ली की महिलाओं को इस योजना से लाभान्वित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
07:06 pm 16/01/2026