आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद और वाल्मीकि समाज के युवा नेता विकास टांक आज भाजपा में शामिल

दिल्ली: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा,चांदनी चौक से भाजपा सांसद प्रवीन खंडेलवाल एवं मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर की उपस्थिति में आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद और वाल्मीकि समाज के युवा नेता श्री विकास टांक आज भाजपा में शामिल हुए। श्री कपूर ने कहा की पुरानी दिल्ली से 3 बार के पार्षद श्री विकास टांक वाल्मीकि समाज में और क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने पटका पहनाकर एवं मिस्ड कॉल से सदस्यता करवा कर विकास टांक का पार्टी में स्वागत किया।
मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज यह बताते हुए खुशी हो रही है कि भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर दिल्ली नगर निगम सिटी एस.पी. जोन के चेयरमैन श्री विकाश टांक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार अब नगर निगम में और दिल्ली प्रदेश दोनों में होने के कारण लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। दिल्ली में जब से श्रीमती रेखा गुप्ता की सरकार आई है तब से उन्होंने दिल्ली की नगर निगम को आर्थिक रुप से सुदृढ़ करना शुरु कर दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार निगम के द्वारा होने वाले कार्यों जैसे ढ़लाव में कम्पैक्टर्स लगाए जा रहे हैं, पार्कों की सफाई हो रही है, मोहल्लों की गलियां हों और सड़क हो सबकी सफाई और विकास कार्य किया जा रहा है।
आप सभी ने देखा कि जब तक आम आदमी पार्टी निगम और सरकार दोनों में थी तब तक दिल्ली में विकास कार्य रुके हुए थे लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद लगातार काम हो रहे हैं। विकास की राजनीति और विकास में कोई राजनीति नहीं करना ही भाजपा का ध्येय रहता है और इसी कारण आज लगातार भाजपा एक संगठन के रुप में मजबूत होती जा रही है।
विकास टांक ने अपने अनुभव को सांझा करते हुए बताया कि आम आदमी पार्टी ने नगर निगम में आने से पहले कई वायदें किए लेकिन सत्ता में आने के बाद कूड़े के पहाड़ को खत्म करने का वायदा पूरा नहीं किया और ना ही सदन को ही चलने दिया। इनके जितने भी पार्षद हैं उन पर काम ना करने का दवाब बनाया जाता था जिसके बाद एक एक करके कई पार्षद आम आदमी पार्टी छोड़ गये और आज मुझे इस बात की खुशी हो रही है कि मैं एक ऐसे पार्टी का हिस्सा बन रहा हूं जो विकास की राजनीति करती है और सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के साथ सभी वर्गों को समान रुप से सम्मान देने का काम करती है।
04:15 pm 15/07/2026