आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में ताहिर हुसैन दोषी करार माफी माँगें केजरीवाल
दिल्ली: 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के दौरान इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी अंकित शर्मा की सुनियोजित हत्या के मामले में आम आदमी पार्टी के पूर्व नगर निगम पार्षद ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने का प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के कई राष्ट्रविरोधी तत्वों से गहरे संबंध रहे हैं, जो समय-समय पर उजागर होते रहे हैं। वर्ष 2020 के दंगों में ताहिर हुसैन इसका एक प्रमुख उदाहरण है। वर्ष 2020 के दंगों का एक अन्य आरोपी खालिद सैफी भी इंडिया अगेंस्ट करप्शन आंदोलन के दौरान अरविंद केजरीवाल की टीम के साथ कार्य कर चुका है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 तक, जब दिल्ली उच्च न्यायालय ने फटकार लगाई, तब तक अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली दंगों के एक अन्य आरोपी उमर खालिद के मामलों में भी अत्यधिक नरम रुख अपनाया। इसी प्रकार, ओखला से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान पर वर्ष 2015 से 2024 के बीच, विशेष रूप से ओखला में हुए सीएए विरोधी आंदोलन के दौरान, मुस्लिम भीड़ को भड़काने के आरोप बार-बार लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लगातार अरविंद केजरीवाल पर ताहिर हुसैन, अमानतुल्लाह खान, उमर खालिद और खालिद सैफी जैसे हिंदू-विरोधी एवं अल्पसंख्यक समुदाय के नेताओं का संरक्षण करने का आरोप लगाती रही है।
आज आईबी के युवा अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में ताहिर हुसैन को दोषी ठहराए जाने के बाद दिल्ली भाजपा अरविंद केजरीवाल से ताहिर हुसैन एवं अन्य आरोपियों को संरक्षण देने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग करती है।
07:12 pm 13/07/2026