गोवा में आप की सरकार बनते ही एक महीने में निरस्त होगी धारा 39ए

दिल्ली: आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता, दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और गोवा प्रभारी आतिशी ने सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचकर गोवा के कारापुर गांव के आंदोलनकारी ग्रामीणों से मुलाकात की और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जमकर आड़े हाथों लिया। कारापुर में अवैध मेगा प्रोजेक्ट के खिलाफ पिछले 100 दिनों से लगातार आंदोलन कर रहे ये ग्रामीण गोवा सरकार की बेरुखी से तंग आकर अपनी आवाज बुलंद करने देश की राजधानी पहुंचे थे। आतिशी ने ग्रामीणों के संघर्ष का पुरजोर समर्थन करते हुए जमीन हड़पने के इस खेल पर भाजपा सरकार को तीखी फटकार लगाई।उन्होंने कहा कि गोवा की भाजपा सरकार टाउन एंड कंट्री प्लानिंग एक्ट की धारा 39ए का दुरुपयोग कर वहां की कीमती जमीन, पानी और जंगलों को बड़े बिल्डर्स और कॉलोनाइज़र्स के हवाले कर रही है। इस आत्मघाती नीति से गोवा के संवेदनशील पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है। गोवा के अलग-अलग हिस्सों में स्थानीय लोग धारा 39ए के तहत किए जा रहे इस अवैध भूमि परिवर्तन का लगातार विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने जनता की आवाज को पूरी तरह दबा दिया है। भाजपा सरकार अब आम जनता की न होकर सिर्फ क्रोनी कैपिटलिस्ट्स और बिल्डरों की कठपुतली बन चुकी है। वर्तमान सत्ताधीशों को आम लोगों के पानी, खेती, बच्चों के स्कूल या अस्पतालों की कोई परवाह नहीं है। उनका एकमात्र एजेंडा गोवा की प्राकृतिक संपदा को बेचकर अपनी जेबें भरना और बिल्डरों को फायदा पहुंचाना है। कारापुर का उदाहरण देते हुए उन्होंने खुलासा किया कि वहां जिस जमीन को कौड़ियों के दाम बेचा गया, वह कथित तौर पर उसी भाजपा मंत्री की थी जिसने इस अवैध कन्वर्शन की फाइल पर हस्ताक्षर किए थे। इस तरह के भ्रष्टाचार से ग्रामीणों की उपजाऊ खेती और जंगल नष्ट हो रहे हैं, जिससे पूरा इलाका रहने लायक नहीं बचेगा।
उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को चुनौती देते हुए पूछा कि वह इन भू-माफियाओं के साथ खड़े हैं या गोवा के मूल निवासियों के साथ? उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ ही महीनों में गोवा में होने वाले चुनावों में जनता इस तानाशाही का करारा जवाब देगी। यदि गोवा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है, तो इस विवादित धारा 39ए को एक महीने के भीतर निरस्त कर दिया जाएगा। इसके साथ ही इस जनविरोधी कानून के तहत अब तक दी गई सभी मंजूरियों और सभी मेगा प्रोजेक्ट्स को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाएगा।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गोवा का पानी, खेती, जंगल और आम लोगों की जिंदगी दांव पर लगाकर कैसा विकास किया जा रहा है? वास्तव में यह जनता का नहीं, बल्कि सत्ताधारी दल के नेताओं और उनके करीबियों की तिजोरियों का विकास है, जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और बुरारी विधायक संजीव झा ने कहा कि गोवा के कारापुर गांव के ग्रामीण पिछले 100 दिनों से अपने अस्तित्व, ज़मीन और अधिकारों को बचाने के लिए जो शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे हैं, वह महज़ एक गांव का नहीं बल्कि अन्याय के खिलाफ न्याय की पुकार है। आम आदमी पार्टी इन आंदोलनकारियों की आवाज़ को न सिर्फ देश की राजधानी में मजबूती दे रही है, बल्कि इस तानाशाही सरकार के खिलाफ उनके हौसले को टूटने नहीं देगी।
संजीव झा ने कहा कि यह संघर्ष हर उस नागरिक का है जिसकी ज़मीन को बिल्डर माफिया के हवाले किया जा रहा है।आम आदमी पार्टी का इतिहास ही आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने का रहा है और इस मामले में भी पार्टी गोवा के मूल निवासियों को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर सदन तक हर मोर्चे पर आखिरी दम तक साथ निभाएगी।
05:54 pm 13/07/2026