
दिल्ली: लगातार हो रहे बिल्डिंग हादसों, अवैध भवन निर्माण एवं बिल्डिंग में भ्रष्टाचार के चलते जा रही निर्दोष दिल्लीवासियों की जान के मुद्दे को लेकर विरोध में सेफ्टी हेलमेट पहन के आए आम आदमी पार्टी के निगम पार्षदों को सुरक्षा कर्मियों ने स्थाई समिति की बैठक में जाने से रोका । एमसीडी के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग के अनुसार सिविक सेंटर स्थित एमसीडी मुख्यालय में आज स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में "आप" पार्षदों के सेफ्टी हेलमेट उतरवा दिए गए, प्लेकार्ड छीने गए, मीडिया को बैठक कवर करने से रोका और पार्षदों को भी वीडियो बनाने से रोका गया। क्योंकि बीजेपी का भ्रष्टाचार कहीं बाहर न आ जायें ।
स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में पार्टी के पार्षदों ने दिल्ली की बदहाल सफाई व्यवस्था, बढ़ते वायु प्रदूषण, स्वास्थ्य सेवाओं, अवैध भवन निर्माण और दिल्ली के सौंदर्यीकरण जैसे अहम मुद्दे प्रमुखता से उठाए। इनका कहना है कि दिल्ली में लगातार इमारतें गिर रही हैं, मासूमों की जान जा रही है, लेकिन भाजपा को जनता की सुरक्षा से नहीं, अपनी कुर्सी और भ्रष्टाचार से मतलब है। मेयर और स्थाई समिति की चेयरमैन को उठाये गए मसलों पर जवाब देना चाहिए एवं अमलीकरण के साथ ठोस कार्यवाही होनी चाहिए ।