सड़कों पर कूड़ा खाने को मजबूर गाय माता को अपना आवास दिलवाने के लिए सीएम आवास तक रोड़ शो
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सड़कों पर पड़ा कूड़ा खाने को मजबूर गाय माता को उनको अपना घर दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी ने निकाला मुख्यमंत्री आवास तक रोड़ शो । पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज की अगुवाही में सांकेतिक तौर पर एक गाय माता को साथ लेकर कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए सीएम रेखा गुप्ता के आवास तक पहुंचे। इस दौरान रास्ते में मिलने वाली गायों को पट्टा भी पहनाया गया। उस पर लिखा है कि गौमाता प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए सवाल भी पूछ रही हैं कि हमें अपना घर कब मिलेगा? सौरभ भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर भाजपा वाले केक खा रहे हैं, लेकिन हमारी गौ माता जगह-जगह कूड़ा खा रही हैं। इस कैंपेन के जरिए हमने भाजपा सरकार और सीएम रेखा गुप्ता को संदेश देने की कोशिश की है कि गायों के प्रति उनके अंदर दया जागे और इन्हें गौशाला में भेजकर चारे का इंतजाम करें।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के घर के बाहर मीडिया से रूबरू होकर प्रदेश संयोजक ने कहा कि आज प्रधानमंत्री जी का जन्मदिन है। भाजपा वाले केक खा रहे हैं, मगर देश की राजधानी दिल्ली में हजारों गायें कूड़ा खा रही हैं। पूरी दिल्ली में कूड़ा घरों पर दर्जनों गायें कूड़ा खाने को मजबूर हैं। वो पॉलिथीन खा रही हैं, जो उनकी आंतों में फंस जाता है। उनका पेट फूलता है और वे दर्दनाक मौत मर रही हैं। हम आज प्रधानमंत्री मोदी जी के जन्मदिन पर दिल्ली की भाजपा सरकार से निवेदन करते हैं कि अब कोई झगड़ा नहीं है। एनडीएमसी, मुख्यमंत्री, मेयर ऊपर से नीचे तक सब भाजपा के पास है। गाय पकड़ने वाले, गौशाला में रखने वाले और फंड देने वाली केंद्र सरकार भी भाजपा के पास है। तो अब इन गायों को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर गौशाला में घर मिलना चाहिए।
गौ माता को हिंदू धर्म में मां माना जाता है। आज वह सरकार से निवेदन कर रही है कि उसे घर दिया जाए। जहां करोड़ों रुपये मोदी जी के जन्मदिन के जश्न में बर्बाद हो रहे हैं, वहां थोड़ा सा पैसा गौशालाओं के लिए खर्च हो, तो हजारों गायों को घर मिल सकता है।
उधर, एमसीडी में "आप" के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा की चार इंजन की सरकार से गाय पूछ रही है "हमें भी अपना घर कब मिलेगा?" देश की राजधानी दिल्ली में सड़कों पर रह रही गायों ने भी आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। सनातन धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है, लेकिन आज हालात ऐसे हैं कि ये गाय माता सड़कों पर भटकने को मजबूर हैं, भूख से तड़पकर कचरे में से अपना पेट भर रही हैं। मोदी जी, आपके जन्मदिन और इस सेवा पखवाड़ा पर देश की गायों को भी उनका अधिकार दीजिए, उन्हें सड़कों से सुरक्षित घर में पहुंचाइए। गाय हमारी संस्कृति, हमारी आस्था और हमारी पहचान है इनकी सेवा सिर्फ़ नारे में नहीं, ज़मीन पर दिखनी चाहिए।
05:37 pm 17/09/2025