केजरीवाल को गिरफतार कर लेंगे लेकिन उसकी सोच और विचारधारा को कैसे गिरफतार करेंगे
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ छत्तीसगढ़ के अकलतरा में अपने प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो किया। जहां भारी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थकों ने अपना समर्थन और प्यार दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली देश का दिल है और ये लोग देश के दिल दिल्ली को रोकना चाहती है, जो यह देश कभी कबूल नहीं करेगा।

ये लोग दिल्ली में हो रहे अच्छे काम रोक रहे हैं और ईमानदार लोगों को गिरफ्तार कर रहे हैं। यह देश के साथ गद्दारी है। अब ये लोग कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे। मैं इनसे कहना चाहता हूं कि केजरीवाल को तो गिरफ्तार कर लोगे, लेकिन केजरीवाल की सोच और विचारधारा को कैसे गिरफ्तार करोगे। उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी ने देश को गवर्नेंस का एक मॉडल दिया है। हमने दिल्ली में स्कूल-अस्पताल समेत कई शानदार काम करके दिखाया है।
‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने देश के सामने गवर्नेंस का एक मॉडल दिया है। पहले लोगों को विश्वास नहीं होता था। हमारे से पहले वाली सरकारें कहती थीं कि पैसा नहीं है। सरकार घाटे में चल रही है। जब से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है, तब से सरकार फायदे में चल रही है। क्योंकि दिल्ली में हमारी ईमानदार सरकार है। हम पैसे बचाते हैं और एक-एक पैसा जनता पर खर्च किया जा रहा है। मैंने दिल्ली में ढेरों शानदार सरकारी स्कूल बना दिए। इसी तरह ढेरों सरकारी अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बना दिए। आज दिल्ली में चाहे अमीर हो या गरीब हो, सबका इलाज मुफ्त होता है। आप दिल्ली में रहने वाले अपने परिचितों से पूछ सकते हैं। दिल्ली में 24 घंटे बिजली आती है और मुफ्त बिजली आती है। लोगों के बिल पर जीरो लिखा आता है। लोगों ने दांतों तले उंगली दबा कि पहले तो कभी ऐसा देखा नहीं था।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एक सोच से निकली है। हमारी तीन विचारधारा है। पहला कट्टर ईमानदारी है। आम आदमी पार्टी में आने वाले सभी नेताओं से कहते हैं कि आपको कट्टर ईमानदारी करनी है। देश के साथ बेइमानी नहीं करनी है। बेइमानी मतलब देश के साथ गद्दारी है। दूसरा कट्टर देशभक्ति है। हमें मर जाना कबूल है, अगर हमें देश के लिए जान भी देनी पड़े तो हम पीछे नहीं हटेंगे। तीसरा इंसानियत है। इंसान का इंसान से हो भाईचारा यही पैगाम हमारा। यह आम आदमी पार्टी की सोच है। यही केजरीवाल की सोच है।
‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि अब ये खड़े होकर कह रहे हैं कि केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे। केजरीवाल को गिरफ्तार कर लो न। केजरीवाल को तो गिरफ्तार कर लोगो, लेकिन केजरीवाल की सोच को कैसे गिरफ्तार करोगे। इस विचारधारा को कैसे गिरफ्तार करोगे और किस ताले के अंदर इसे बंद करोगे। दिल्ली देश का दिल है। दिल्ली में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, असम, केरल समेत पूरे देश के लोग रहते हैं। हमने दिल्ली में काम करके दिखाया, ये हमसे ज्यादा काम करके दिखाएं तो इनका बड़प्पन है। लेकिन ये काम करने की जगह रोज खड़े होकर हमारे काम रोकते हैं। ये दिल्ली को रोकना चाहते हैं। इस देश के दिल को रोकना चाहते हैं। एक इंसान का सीने में दिल धड़कता है। जिस दिन दिल धड़कना बंद कर दे, आदमी की मौत हो जाती है। ये लोग हमारे देश के दिल को रोकना चाहते हैं, ये तो देश कभी कबूल नहीं करेगा। ये लोग दिल्ली के अच्छे काम रोक रहे हैं। ईमानदार लोगों को गिरफ्तार करके देश के साथ गद्दारी कर रहे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले दिनों मे कभी न कभी छत्तीसगढ़ में भी ‘‘आप’’ की सरकार बनेगी।
08:38 pm 03/11/2023