त्यौहारों के सीजन में दिल्ली की सड़कों को खुदाई और अतिक्रमण से हों मुक्त

दिल्ली: त्योहारों के इस महत्वपूर्ण सीजन में दिल्ली की भाजपा सरकार को सड़कों को सुगम, सुरक्षित और जाम-मुक्त बनाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि जगह-जगह चल रही खुदाई, अधूरे निर्माण कार्य, सड़कों पर फैली निर्माण सामग्री और अतिक्रमण के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। त्योहारों के दौरान व्यापारी पूरे साल की बिक्री की उम्मीद करते हैं, लेकिन सड़कों की बदहाली, ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित निर्माण कार्यों के कारण ग्राहक बाजारों तक पहुंचने से कतराते हैं। ऐसे में छोटे दुकानदारों, कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी से जुड़े लोगों की आजीविका पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। भाजपा सरकार को चाहिए कि वह संबंधित विभागों, एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सड़कों पर चल रही अनावश्यक खुदाई को तत्काल रोके, अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करे तथा खुदाई वाले स्थानों की मरम्मत और सड़क बहाली सुनिश्चित करे। साथ ही, बाजारों के आसपास पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाए और यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को नियमानुसार हटाया जाए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने राजधानी के बाजारों और रिहायशी कॉलोनियों में जगह-जगह फैली गंदगी, कूड़े के ढेर और सफाई व्यवस्था की बदहाली पर भी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार से दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है। कहा कि केवल विज्ञापनों और नारों से दिल्ली स्वच्छ नहीं होगी, बल्कि नियमित सफाई, समय पर कूड़ा उठाने, कूड़ाघरों की उचित व्यवस्था और सफाई कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने से ही हालात सुधरेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार को प्रचार से बाहर निकलकर जमीन पर काम करना चाहिए, ताकि दिल्ली के व्यापारियों, खरीदारों और आम नागरिकों को गंदगी से राहत मिल सके। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा पोस्टर और होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को कार्रवाई की शुरुआत अपने और अपनी पार्टी के नेताओं के पोस्टरों से करनी चाहिए। दिल्ली में जगह-जगह मुख्यमंत्री और भाजपा नेताओं के पोस्टर दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में दूसरों के खिलाफ कार्रवाई की बात करने से पहले भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कहा कि भाजपा सरकार का यह दोहरा रवैया समझ से परे है कि एक तरफ पोस्टर और होर्डिंग लगाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ राजधानी में भाजपा नेताओं के प्रचार-प्रसार से जुड़े पोस्टर और होर्डिंग जगह-जगह नजर आते हैं। यदि पोस्टर लगाना नियमों के विरुद्ध है, तो नियम सभी पर समान रूप से लागू होने चाहिए, चाहे वह आम नागरिक हो या सत्ताधारी पार्टी का कोई बड़ा नेता।
07:04 pm 18/10/2026