सरेआम सफाईकर्मी की हत्या, परिवार को न्याय दिलाने धरने पर बैठे ‘‘आप’’ विधायक

दिल्ली: कल्याणपुरी में रविवार सुबह सरेआम चाकू मारकर की गई सफाईकर्मी की हत्या के बाद पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आम आदमी पार्टी के कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार सफाई कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठ गए हैं। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने दिल्ली की चरमराई कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सीएम रेखा गुप्ता से मृतक परिवार को उचित मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा दोषी को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जब तक मृतक परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, धरना जारी रहेगा।
उधर, इस दर्दनाक हत्याकांड को लेकर “आप” के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने चिंता जताते हुए कहा कि राजधानी में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन इस पर भाजपा की चुप्पी हैरान करने वाली है। कल्याणपुरी में एक सफाई कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिल्ली में हिंसक अपराधों में चिंताजनक वृद्धि देखी जा रही है और अपराधी लगातार बेखौफ होते जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भाजपा सरकार बढ़ते अपराधों के प्रति पूरी तरह से उदासीन नजर आ रही है। चार इंजन की सरकार होने के बावजूद दिल्ली की सड़कें लगातार असुरक्षित होती जा रही हैं, ऐसे में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार आखिर कब जागेगी और कार्रवाई करेगी?
स्थानीय विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि कल्याणपुरी इलाके में जिस तरह से एक सफाई कर्मचारी की हत्या की गई है, वह बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना से पता चलता है कि दिल्ली में अपराधियों के हौसले किस तरह से बुलंद हैं। कल्याणपुरी में तो रोज ऐसी वारदातें होती हैं, जहां कभी किसी को चाकू या छुरी मारी जाती है तो कभी किसी को पीटा जाता है। एक सफाई कर्मचारी जो लोगों के घरों का कूड़ा उठाता है, उसकी इस तरह हत्या कर देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने बताया कि घटना को हुए चार-पांच घंटे बीत चुके हैं और सफाई कर्मचारियों के साथ हम लोग धरने पर बैठा हैं, लेकिन अभी तक सरकार का कोई प्रतिनिधि, जिलाधिकारी या कोई अन्य अधिकारी यहां नहीं पहुंचा है। किसी ने यह नहीं बताया कि पीड़ित परिवार को क्या मुआवजा दिया जा रहा है। दिल्ली के सभी सफाई कर्मचारी यहां बैठे हुए हैं और जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, तब तक वे यहीं बैठे रहेंगे। जब तक पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलेगा और सरकार सरकारी नौकरी की गारंटी नहीं देगी, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।
आगे कहा कि दिल्ली में पुलिस भाजपा के कहने पर अपराधियों को बचाती है। दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार है और चारों इंजन उनके पास हैं, लेकिन वे दिल्ली के अंदर कुछ नहीं कर रही हैं। उन्होंने दिल्ली को केवल अपराध की राजधानी बना दिया है। दिल्ली पुलिस कमिश्नर और एलजी कोई काम नहीं कर रहे हैं और ना ही इलाके का दौरा कर रहे हैं। इन लोगों ने दिल्ली को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। जब से दिल्ली में भाजपा की सरकार आई है, तब से खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। पुलिस कमिश्नर, मुख्यमंत्री और एलजी में से किसी को भी इसकी कोई चिंता नहीं है। आम आदमी पार्टी की मांग है कि सरकार उस दलित सफाई कर्मचारी अनिल के परिवार को मुआवजा दे और एक सरकारी नौकरी दे। इसके साथ ही सरकार उस व्यक्ति का तुरंत एनकाउंटर करे जिसने चाकू मारकर अनिल की हत्या की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक यह कार्रवाई नहीं होगी, तब तक दिल्ली में कहीं भी सफाई नहीं होगी और कोई भी सफाई कर्मचारी काम नहीं करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार और दिल्ली पुलिस की होगी, जिनके संरक्षण में कल्याणपुरी जैसे इलाकों में अपराध पनप रहा है और रोज चाकू व गोलियां चल रही हैं। इस सरकार ने दिल्ली को अपराध की राजधानी बना दिया है।
उधर, पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि कल्याणपुरी में एमसीडी सफाई कर्मचारी अनिल की ड्यूटी के दौरान खुलेआम चाकू मारकर हत्या ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। भाजपा सरकार, एमसीडी और दिल्ली पुलिस से मांग है कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। आज एक गरीब परिवार का चिराग बुझ गया। देश की राजधानी दिल्ली में मेहनत-मजदूरी करने वाला आम नागरिक भी सुरक्षित नहीं है, तो फिर सुरक्षित कौन है?
05:21 pm 16/08/2026