वजीराबाद के बाद दिल्ली सीवेज का अनट्रीटेड पानी एवं इंडस्ट्रियल वेस्ट का पानी यमुना में जाता है
दिल्ली: पानी को लेकर हरियाणा के लिए विवादास्पद बयान पर हरियाणा के महेन्द्रगढ़-भिवाड़ी से सांसद धर्मवीर सिंह, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, सांसद किरण चौधरी, सांसद रेखा शर्मा एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव जेटली ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक संयुक्त प्रेसवार्ता में रखा अपना पक्ष । केजरीवाल के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए व्यक्त की तीखी प्रतिक्रिया ।
दिल्ली को पीने की पानी की सप्लाई के लिए हरियाणा प्रदेश वेस्ट यमुना कैनाल के माध्यम से 10,000 क्यूसेक से भी अधिक पानी देता है। वेस्ट यमुना कैनाल एक पक्की नहर है जो ताजेवाड़ा, पानीपत और करनाल में देखी जा सकती है। इस नहर में भाखड़ा का पानी भी शामिल किया जाता है, जिसमें पंजाब से आने वाली रावी और सतलुज का पानी भी दिया जाता है। फिर यह पानी दिल्ली को दे दिया जाता है, जो पाइपलाइन के माध्यम से पहले चारों ट्रीटमेंट प्लांट्स में जाता है और फिर यही पानी अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता को पीने के लिए उपलब्ध कराते हैं अर्थात किसी भी नाले का पानी दिल्ली नहीं आता है। हरियाणा में अगर देखा जाए तो यमुना में पानी की मात्रा कम मिलेगी और यमुना को जिंदा रखने के लिए हरियाणा पानी का ट्रीटमेंट कर यमुना में पानी डालता है। दिल्ली से गुरुग्राम, मेवात और फरीदाबाद को मिलने वाला लगभग 600 क्यूसेक पानी अत्यंत दूषित और प्रदूषित होता है जबकि हरियाणा इन्हें शुद्ध पानी देता है। इसके बावजूद केजरीवाल हरियाणा सरकार पर पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाते हैं। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार हरियाणा को पानी नहीं देती, इस कारण हरियाणा में पानी की कमी है और पानी की कमी के बावजूद हरियाणा दिल्ली को पक्के कैनाल के माध्यम से शुद्ध पानी देता है। जिस पक्की कैनाल से दिल्ली को पानी मिलता है उसी कैनाल से झज्जर और पानीपत के लोगों को पानी दिया जाता है लेकिन वहां ऐसी कोई शिकायत नहीं आती। अरविंद केजरीवाल अपने सेहत को ठीक करने के लिए साल में दो बार बेंगलुरू चले जाते हैं लेकिन दिल्ली की 2 करोड़ जनता तो बेंगलुरू नहीं जा सकती। शिक्षा का हब होने के बावजूद बच्चों के अभिभावक दिल्ली के प्रदूषण के कारण अपने बच्चों को पढ़ने दिल्ली नहीं भेजते। ऐसे हालात में अरविंद केजरीवाल को आरोप प्रत्यारोप की राजनीति करने की बजाय दिल्ली के हालात सुधारने पर जोर देना चाहिए।
हरियाणा के पानी के बीओडी एवं टीडीएस स्तर पूरी तरह से ठीक है लेकिन वजीराबाद के बाद इस यमुना में गंदगी डाली जाती है। यमुना को साफ करने का वादा करने वाले अरविंद केजरीवाल के शासन में यमुना के ऊपर सफेद झागों की चादर बिछ गई है। दिल्ली में 37 ट्रीटमेंट प्लांट्स में मात्र 17 प्लांट्स क्रियाशील हैं और यह अरविंद केजरीवाल की नाकामी का नतीजा है। अगर सभी ट्रीटमेंट प्लांट क्रियाशील होते तो दिल्ली में पानी के ये हालात न होते। वजीराबाद बैराज पर टीडीएस रेटिंग 440 है जबकि 300 से 400 के बीच के टीडीएस स्तर का पानी पीने योग्य नहीं होता, यहां पर बीओडी स्तर 6 एमजी प्रति लीटर है, जो दिल्ली के बाद वापस हरियाणा में आने पर असलियत में जहर बन जाता है। एसटीपी पानी के स्तर को 10 बीओडी एवं 10 टीडीएस पर लाने के अपने कार्य को नहीं कर पा रहे हैं और उसके बाद दिल्ली सरकार कहती है उन्होंने यमुना में गिरने वाले 70 प्रतिशत नालों को ट्रैप कर दिया है लेकिन अगर ऐसा है तो पानी का स्तर 30 बीओडी क्यों नहीं है? अरविंद केजरीवाल सिर्फ झूठ बोल रहे हैं और दिल्ली की जनता के साथ धोखा कर रहे हैं जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। 10 साल तक अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार, हरियाणा सरकार और पहले की पंजाब सरकार पर आरोप लगाया। पहले प्रदूषण के लिए हरियाणा सरकार पर झूठा आरोप मढ़ा और अब कह रहे हैं कि हरियाणा पानी भी दूषित भेज रहा है। दिल्ली के वजीराबाद तक पानी एकदम साफ आता है। कल दिल्ली जल बोर्ड ने भी अपने बयान में साफ-साफ कहा है कि वजीराबाद के बाद दिल्ली सीवेज का अनट्रीटेड प्लांट का पानी, इन्डस्ट्रियल वेस्ट का पानी यमुना में जाता है। ठंड के समय ऊपर से कम पानी आने के कारण डाईल्यूजन कम होता है, इस कारण अमोनिया का स्तर भी पानी में बढ़ गया है। दिल्ली सरकार के अंतर्गत आने वाले दिल्ली जल बोर्ड की बात को नकार कर, अरविंद केजरीवाल ऐसे झूठे बयान दे रहे हैं। बॉर्डर पर सबसे ज्यादा सेनानी हरियाणा के ही तैनात हैं और अरविंद केजरीवाल स्वयं हरियाणावासी रह चुके हैं, उसी हरियाणा पर ये ऐसा झूठ आरोप लगा रहे हैं। दिल्ली और हरियाणा की जनता आप को सबक सिखाएगी। अरविंद केजरीवाल को दिल्ली की जनता, हरियाणा की जनता और हरियाणा सरकार से माफी माँगनी चाहिए। अगर ये ऐसा नहीं करते हैं तो हरियाणा सरकार ऐसे झूठे आरोप लगाने के लिए इनपर मुकदमे दायर करेगी।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री राजीव जेटली ने कहा कि हरियाणा से 4 माननीय सांसदों ने तथ्यों के साथ यह बात सबके समक्ष प्रस्तुत किया है कि किस प्रकार अरविंद केजरीवाल सिर्फ और सिर्फ झूठ बोल रहे हैं। अरविंद केजरीवाल बहुत सफाई, चतुराई, विश्वास के साथ अपने बच्चों की कसम खाकर भी झूठ बोलते हैं। झूठ बोलने की कला उन्हें बखूबी आती है। अरविंद केजरीवाल ने 15 करोड़ रुपये के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को अपने घर में लगवाया, क्योंकि वह जानते हैं कि दिल्ली की जनता जो पानी पी रही है, वो केजरीवाल जी के पीने लायक नहीं है। बच्चों की झूठी कसम खाने का डर उनके मन में है, इसलिए कहीं न कहीं अरविंद केजरीवाल को यह लगता होगा कि पानी पीकर उनके बच्चों की तबीयत खराब न हो जाए ।
06:52 pm 28/01/2025