
दिल्ली: डीटीसी बस चालकों की वेतन संबंधी मांगों को लेकर चल रही हड़ताल पर चिंता व्यक्त करते हुए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने वाले बस चालकों की वेतन और सेवा संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की लापरवाही का खामियाजा आज दिल्ली की आम जनता भुगत रही है और बड़ी संख्या में बसों के सड़कों से बाहर रहने के कारण आम यात्रियों, कर्मचारियों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीटीसी के बस चालक और कर्मचारी दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं और मांगों को लंबे समय तक नजरअंदाज करने के बजाय सरकार को समय रहते उनके साथ संवाद करना चाहिए था। हड़ताल के कारण बड़ी संख्या में बसें सड़कों से बाहर हैं, जिससे छात्रों, कर्मचारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजाना बसों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में डीटीसी को दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का मजबूत आधार बनाया गया, लेकिन पिछले वर्षों में भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकारों के कार्यकाल में डीटीसी की अनदेखी हुई और यह व्यवस्था लगातार कमजोर होती गई।डीटीसी को बचाने के लिए कर्मचारियों के हितों की रक्षा, नियमित भर्ती, बसों की पर्याप्त संख्या और बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करना जरूरी है।