दिल्ली: राजधानी में हुई बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव और उसके कारण लगे भारी ट्रैफिक जाम को लेकर भाजपा की दिल्ली सरकार पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बोला कड़ा हमला कहा कि दिल्ली में महज दो-तीन घंटे की बारिश ने सरकार के तमाम दावों की पोल खोल दी है। राजधानी के कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हैं और आज त्योहार की छुट्टी होने के बावजूद जलभराव के कारण सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। आम लोग घंटों जाम में फंसे हैं और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार हर साल मानसून से पहले नालों की सफाई, जल निकासी और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियों के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन बारिश की कुछ घंटों की बौछार उन सभी दावों की वास्तविकता जनता के सामने ला देती है। अगर त्योहार की छुट्टी के दिन यह हाल है, तो सामान्य कार्यदिवस में दिल्ली की क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। मानसून खत्म होने के कगार पर है, लेकिन दिल्ली सरकार की नींद अभी तक नहीं खुली है। दो-तीन घंटे की बारिश में राजधानी जलमग्न हो जाती है और त्योहार की छुट्टी के दिन भी लोग जलभराव और भारी ट्रैफिक जाम से परेशान होते हैं। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा सरकार ने मानसून से पहले जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों की पहचान और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था क्यों नहीं की? नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई पर खर्च किए गए पैसे का असर जमीन पर क्यों दिखाई नहीं देता?