
दिल्ली: स्पेशल स्टाफ द्वारा गठित टीम ने मुठभेड़ के बाद खजूरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत 16 नवंबर को देर शाम हुई हत्या के वांछित आरोपी अमान गाजी उर्फ पहलवान को धर-दबोचा । सूत्रों से प्राप्त सूचना के अनुसार नानक सर से तीसरा पुश्ता जाने वाले मार्ग पर आरोपी की घेराबंदी के दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायर किए जिनमें से एक गोली कांस्टेबल मुकेश की बुलट प्रूफ जैकेट में लगी । बचाव में पुलिस की तरफ़ से की गई फायरिंग में उसकी टांग पर गोली लगी । अभियुक्त के तार नसीम दुरानी गैंग से बताए जा रहे हैं । वह करावल नगर का रहने वाला है एवं तुर्तीपुर संभल का मूल निवासी है । उसके कब्जे से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, 9 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई ।
प्रारंभिक जाँच से पता चला है कि अभियुक्त ने समीर उर्फ भूरा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी । वारदात को अंजाम देने के लिए 25 राउंड फायर किए । समीर के तार ठाकुर-हारून गैंग से जुड़े हुए थे । हत्या का कारण दोनों गैंग में आपसी रंजिश बताया जा रहा है । फिलहाल अभियुक्त हिरासत में है एवं मामले पर तहकीक़ात जारी है ।