दिल्ली: पुलिस की आईएफएसओ शाखा द्वारा गठित टीम ने तीन राज्यों के विभिन्न इलाकों में दबिश करके 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर एक ऐसे सिंडिकेट को किया नस्तेनाबूत जिसके सदस्य खुद को शेयर मार्केट का एक्सपर्ट बताकर ऑनलाइन प्लेटफार्म के माध्यम से ठगी करते थे । ये लोग दो व्हाट्स ऐप ग्रुप 538 एक्शन प्राइस लैब एवं विक्टरी पायनियर्स इन्वेस्टमेंट के माध्यम से लुभावने ऑफर देकर शेयर बाजार में इन्वेस्टमेंट करने के लिए आकर्षित करते थे । इन्वेस्टमेंट के लिए उन्होंने aikyaemerging.com फर्जी लिंक बनाया हुआ था । इनके द्वारा की गई ठगी का आंकलन 67.78 लाख रुपया है ।
गिरफ्तार अभियुक्तों में पवन कुमार प्रयागराज, मोहम्मद इज़हान लखनऊ, आर्यन कनोजिया कानपुर, शानू कथेरिया कानपुर, अंकित उर्फ मोनू गुरग्राम, अशबिंद कुमार सिंह दिल्ली एवं हेमंत कुमार सिंह दिल्ली के रहने वाले हैं । द्वारका निवासी द्वारा थाना क्राइम ब्रांच में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार शिकायतकर्ता एवं उसके परिवार ने इनके झांसे में आकर दर्शाये गए बैंक अकाउंट्स में अलग समय पर 22 ट्रांजेक्शन के माध्यम से 67.78 लाख ट्रांस्फर किए । लेकिन जब सिंडिकेट के सदस्यों द्वारा पेंडिंग ऑर्डर को क्लियर करने के लिए 1,10,75,424 की डिमांड किए जाने पर शिकायतकर्ता को एहसास हुआ कि वो जालसाजी का शिकार हो गया है उसने थाना क्राइम ब्रांच में प्राथमिकी दर्ज करवाई ।
आरंभिक जाँच से पता चला है कि यह लोग बोगस कंपनियों के बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर करवाते थे और बेयरर चेक एवं एटीएम कार्ड के माध्यम से पैसे निकाल लेते थे । केवाईसी प्रक्रिया को नजरअंदाज एवं किसी बैंककर्मी की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता । सातों अभियुक्त फिलहाल हिरासत में हैं एवं मामले पर तहक़ीक़ात जारी है ।