बुराड़ी सड़क का टेंडर रद्द करने के विरोध में प्रवेश वर्मा के आवास पर प्रदर्शन

दिल्ली: बुराड़ी की मुख्य सड़क का टेंडर कैंसिल करने के विरोध में आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता और बुराड़ी से विधायक संजीव झा के नेतृत्व में बुराड़ी के निगम पार्षदों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने मंत्री के आवास का घेराव कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। संजीव झा ने प्रवेश वर्मा से पूछा कि जब सड़क निर्माण का टेंडर हो चुका था, तो उसे कैंसिल करने का निर्णय क्यों लिया गया? बुराड़ी की मुख्य सड़क का टेंडर अवार्ड होने के बावजूद उसे कैंसिल किया जाना बुराड़ी की जनता के साथ अन्याय है। बुराड़ी की बदहाल सड़कें और जनता की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं करेंगे।
स्थानीय विधायक ने कहा कि बुराड़ी की 100 फुटा रोड़ जर्जर हो चुकी है। इस सड़क पर चलना लोगों के लिए दूभर हो गया है। मैंने खुद सभी विभागों के साथ बैठकें की और टेंडर करवाया। पिछले दिनों मंत्री प्रवेश वर्मा बुराड़ी जाकर कहे कि 14 अक्टूबर तक बुराड़ रोड का काम शुरू हो जाएगा। लेकिन टेंडर ही 21 अक्टूबर को किया गया। वह टेंडर भी अभी तक खुला नहीं है। अब दिल्ली सरकार कह रही है कि यह टेंडर कैंसिल किया जाएगा। मंत्री प्रवेश वर्मा बताएं कि बुराड़ी की जनता के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है और उन्होंने बुराड़ी जाकर झूठ क्यों बोला? जब टेंडर हो गया था तो उसको अवार्ड क्यों नहीं किया गया और अब ये टेंडर कैंसिल क्यों कराया जा रहा है? हमें पता है कि भाजपा सरकार में टेंडर कैसे होता है? आखिर किस तरह की सेंटिंग है, प्रवेश वर्मा बताएं। अन्यथा आम आदमी पार्टी बुराड़ी की जनता के साथ प्रवेश वर्मा को घेरते रहेंगे और बुराड़ी की जनता के साथ अन्याय नहीं होने देंगे?
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार में बुराड़ी में सड़कों पर काफी काम हुआ। बुराड़ी में आधा सीवर का काम पूरा हो चुका था। अक्टूबर 2024 में सड़कों को बनाया था। 2024 के बाद से सड़कों का कोई टेंडर नहीं हुआ है। दो साल से बुराड़ी के लोग सड़क निर्माण के टेंडर का इंतजार कर रही है। मैंने खुद पीडब्ल्यूडी के साथ कई दौर की बैठकें की है। हम इंतजार करते रहे कि मंत्री जल्द टेंडर कर देंगे लेकिन वह सिर्फ झूठे वादे करते रहे। प्रवेश वर्मा क्यों नहीं बताते कि 14 अक्टूबर से काम शुरू करने का जो वादा किया था, उसका क्या हुआ? ‘‘आप’’ की 10 साल में बुराड़ी में बहुत काम हुए हैं, यह बुराड़ी की जनता जानती है। लेकिन जब से भाजपा की सरकार आई है, बुराड़ी की जनता का जीवन नर्क बना दिया है।
06:10 pm 17/11/2026