
दिल्ली: प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष पूरे होने पर उनका अभिनंदन करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की संघर्ष, संकल्प और सेवा की यात्रा ने जनसेवा को राष्ट्रसेवा का माध्यम बनाया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के बाद गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति के लिए चलाई गई योजनाओं से बदलाव आया तथा कोरोना संकट के दौरान टीकाकरण और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित हुई। श्री नितिन नवीन ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में विकास, विरासत, सुरक्षा और भारत के सम्मान को नई दिशा मिली, ताकि विकसित भारत का संकल्प साकार हो। आज का दिन हम सभी भारतवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए अविस्मरणीय है। यह दिन माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र दामोदरदास मोदी जी की 25 वर्षों की उस यात्रा का साक्षी बनने का अवसर है, जो संघर्षों के बीच शुरू हुई और जिसने हर चुनौती का सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ने का काम किया। उनकी तप, साधना और संकल्प ने जनसेवा को ही उनके जीवन का ध्येय बनाया। उनके लिए जनसेवा ही राष्ट्रसेवा का मार्ग बनी और इसी संकल्प के साथ वे राजनीति में सत्ता को सेवा का माध्यम बनाते हुए राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे। ऐसे हम सबके अपने यशस्वी प्रधानमंत्री और इस देश के प्रधान सेवक का मैं बहुत-बहुत अभिनंदन और बधाई देता हूं। मैं सर्वप्रथम आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की अनवरत, अविचल और अथक सेवा एवं समर्पण की यात्रा के लिए 140 करोड़ देशवासियों और भारतीय जनता पार्टी के लाखों-लाख कार्यकर्ताओं की ओर से हार्दिक बधाई, अभिनंदन और शुभकामनाएं देता हूं। आज देश के सभी जिलों से लोग माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की 25 वर्षों की इस यात्रा के साक्षी बन रहे हैं। भारत की 140 करोड़ जनता आज अपने प्रिय नेता को आशीर्वाद दे रही है और उनके यशस्वी जीवन के लिए शुभकामनाएं दे रही है, ताकि वे विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाएं।
प्रधानमंत्री ने इन 25 वर्षों में दीपक की तरह स्वयं को जलाकर, अपने परिश्रम और समर्पण से 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में विकास, आत्मविश्वास और स्वाभिमान का उजाला फैलाने का निरंतर प्रयास किया है। आज इस ऐतिहासिक अवसर पर मैं उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करता हूं और उनके दीर्घ एवं यशस्वी सार्वजनिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देता हूं। देश के पूर्व राष्ट्रपति मान्यवर प्रणब मुखर्जी जी ने अपनी किताब में 2014 के चुनाव को ‘टेक्टॉनिक शिफ्ट’ के रूप में कहा था। उन्होंने इसे भारतीय राजनीति का एक बड़ा बदलाव बताया था। उनके अनुसार, आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्हें जनता के सामने एक घोषित उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया और बाद में उन्हें जनता का अपार जनसमर्थन मिला तथा वे देश के पहले चुने हुए घोषित प्रधानमंत्री के रूप में आए। उससे पहले कई चुनाव हुए। चाहे जनता ने किसी पार्टी को समर्थन दिया हो या गठबंधन को वोट दिया हो, चुनाव के बाद प्रधानमंत्री का नाम तय होता था। 2014 में पहली बार ऐसा हुआ कि राष्ट्रीय चुनाव में प्रधानमंत्री का चेहरा केवल पार्टी का चेहरा नहीं रहा। माननीय श्री नरेन्द्र मोदी जी को सीधे जनता के सामने चुनाव के प्रमुख चेहरे के रूप में पेश किया गया और देश की जनता ने उन्हें जनादेश देकर प्रधानमंत्री बनाया। अगर हम इतिहास के पन्नों को देखें तो जवाहरलाल नेहरू को आजादी के बाद पहली बार प्रधानमंत्री बनने से पहले कांग्रेस के नेताओं ने चुना। इंदिरा गांधी को भी कांग्रेस के नेताओं ने पहली बार चुनकर प्रधानमंत्री बनाया। वहीं, राजीव गांधी अपनी माता के दिवंगत होने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री बने और बाद में जनादेश लेकर आए। लेकिन नरेन्द्र मोदी किसी राजनीतिक परिवार या विरासत के साथ नहीं आए। उन्होंने केवल अपने सार्वजनिक जीवन, संगठनात्मक अनुभव और जनता के जनादेश के आधार पर देश का प्रधानमंत्री बनने का गौरव प्राप्त किया।
उन्होंने कहा कि आज के इस अवसर पर हम उन माताओं-बहनों, लखपति दीदियों, किसान भाइयों, खिलाड़ियों, गरीब परिवारों और देश के युवाओं की ओर से माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का अभिनंदन और आभार व्यक्त करते हैं, जिनके जीवन में यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों ने सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने माताओं-बहनों के लिए शौचालय निर्माण से लेकर उज्ज्वला योजना तक की व्यवस्था की और उनकी सुरक्षा एवं स्वाभिमान सुनिश्चित करने का काम किया। 3 करोड़ लखपति दीदियों को आत्मनिर्भर बनाकर उन्होंने महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल कायम की है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने केवल वूमेन डेवलपमेंट की बात नहीं की, बल्कि वूमेन-लेड डेवलपमेंट की बात की है और अब 33 प्रतिशत महिलाओं को मिलने वाले आरक्षण से उनकी राजनीतिक भागीदारी भी सुनिश्चित होगी। 11 करोड़ से अधिक किसान भाइयों के लिए किसान सम्मान योजना के माध्यम से उनका सम्मान और कल्याण सुनिश्चित किया गया। कृषि को केवल एक विभाग तक सीमित न रखते हुए किसान कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई और किसानों के प्रति देश के नेतृत्व की सोच को प्रदर्शित किया गया। ‘खेलो इंडिया’ के माध्यम से खिलाड़ियों को नए अवसर दिए गए, जिसके परिणामस्वरूप आज हमारे खिलाड़ी भारत का नाम रोशन कर रहे हैं और नए-नए कीर्तिमान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 4 करोड़ गरीब परिवारों को उनके सपनों का घर और सिर पर छत देने का काम किया जब किसी व्यक्ति की सोच और दृष्टि 140 करोड़ लोगों का संकल्प बन जाती है, तो वह एक सामूहिक स्वप्न बन जाता है। जो आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं, वही विकसित भारत 2047 के सूत्रधार हैं। इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने देश की शक्ति और देश के लोगों की शक्ति की सप्तधारा का रोडमैप दिया है।