अब झाड़ू से पूरा देश करेंगे साफ- केजरीवाल
पणजी : दिल्ली की निचली अदालत से कट्टर ईमानदार साबित होने के बाद मंगलवार को आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गोवा में भाजपा और पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे। फर्जी शराब घोटाले में आरोप मुक्त होने पर पणजी में आयोजित बधाई समारोह में उन्होंने कहा कि सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते चलकर आम आदमी पार्टी सबसे बड़ी अग्नि परीक्षा को पास कर ली है। अब हम झाड़ू से गोवा समेत पूरे देश को साफ करेंगे। भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि हमारी टॉप लीडरशीप की छवि खराब करने के लिए हमें भ्रष्ट साबित करने की कोशिश की गई। लेकिन कोर्ट ने कह दिया है कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार हैं। इसमें इतना भी सबूत और गवाह नहीं है कि मुकदमा चलाया जा सके।
उन्होंने पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर तीखे हमले बोलते हुए कहा कि इन्हें सत्ता की हवस है। इसी के चलते इन्होंने हमें गिरफ्तार किया, दिल्ली का काम ठप करके जनता को परेशान किया और दिल्ली का चुनाव चोरी कर लिया। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि आपने मुझे निपटाने के लिए सबकुछ कर लिया, लेकिन आज भी केजरीवाल दहाड़ रहा है। अब केजरीवाल न झुकेगा और न रूकेगा। अगर आपको मुझे निपटान है तो मुझसे ज्यादा काम करके एक लंबी लकीर खींचो या फिर आपको मेरी हत्या करानी पड़ेगी।
आम आदमी पार्टी का नेतृत्व अग्नि परीक्षा से निकल कर आया है। इतिहास गवाह है कि जब-जब कोई सच्चाई के रास्ते पर चलता है, तो उसे अग्नि परीक्षा देनी ही पड़ती है। सच्चाई के रास्ते पर चलना आसान नहीं है; कदम-कदम पर कांटे और पत्थर होते हैं तथा लोगों पर तरह-तरह के इल्जाम लगाए जाते हैं। हमने रामायण में भी सुना है कि जब भगवान श्रीराम रावण को हराकर लंका से निकले और अयोध्या की तरफ आए, तो सीता माता को भी अपनी पवित्रता साबित करने के लिए अग्नि परीक्षा देनी पड़ी थी। उसी तरह सच्चाई और ईमानदारी के रास्ते पर चल रही आम आदमी पार्टी को भी पिछले चार-पांच सालों से बदनाम करने की कोशिश की गई। पार्टी पर लगातार एक के बाद एक प्रहार हुए और हम लोग भी इस अग्नि परीक्षा से गुजर कर बाहर आए हैं।
एक ही राजनीतिक पार्टी के पांच सबसे वरिष्ठ नेताओं मुझे (मुख्यमंत्री), मनीष सिसोदिया (डिप्टी सीएम), सत्येंद्र जैन (स्वास्थ्य मंत्री), विजय नायर और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को जेल में डाल दिया गया। शीर्ष “आप” नेताओं के ऊपर तरह-तरह से दबाव बनाया गया कि केजरीवाल को छोड़ कर भाजपा में आ जाओ। लेकिन हमारा एक भी नेता नहीं टूटा। क्योंकि अगर हमने कुछ गलत किया होता, तो आज मैं लोगों के सामने सिर उठाकर खड़ा नहीं हो पाता। अगर हमने कुछ गलत किया होता, तो हमें भाजपा में जाना पड़ता, क्योंकि वे हमें हमेशा के लिए जेल में रख सकते थे। जिन लोगों को ये एजेंसियां पकड़ती हैं और वे डरकर भाजपा में चले जाते हैं, उसका मतलब यही होता है कि उन्होंने कुछ गलत किया है। उन्हें पता होता है कि अगर वे भाजपा में नहीं गए, तो उन्हें हमेशा के लिए जेल में डाल दिया जाएगा, इसलिए उन्हें भाजपा में जाना पड़ता है। लेकिन हमें पता था कि हमें झूठा फंसाया गया है और केस बिल्कुल फर्जी है। हमें भरोसा था कि आज नहीं तो कल बाहर आना ही है। हमें पता था कि कोर्ट में यह मामला टिकने वाला नहीं है, इसीलिए हम मजबूती से डटे रहे। सबसे बड़ी अग्नि परीक्षा में ‘‘आप’’ हुई पास, अब झाड़ू से पूरा देश करेंगे साफ।
10:05 pm 17/03/2026