मालवीय नगर अग्निकांड में गरीब सेफ पर सारा इल्जाम डाल बड़े लोगों को बचाने का प्रयास
दिल्ली: मालवीय नगर अग्निकांड मामले में होटल के सेफ की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता व बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार इस अग्निकांड मामले में गरीब सेफ पर सारा इल्जाम डालकर बड़े लोगों को बचा रही है। ऐसा बताया जा रहा, जैसे सेफ ही अवैध होटल चला रहा था और उसके कारण ही एमसीडी या पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि अग्निकांड के चंद दिन बाद ही भाजपा सरकार की गहन जांच और जिम्मेदार बड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई की पोल खुल गई है। अगर भाजपा सरकार निष्पक्ष है तो सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों की जिम्मेदारी तय कर कड़ी कार्रवाई करे। सिर्फ प्रवासी होने के कारण सेफ को फंसाया जा रहा है। आम आदमी पार्टी उसके साथ अन्याय नहीं होने देगी।मालवीय नगर अग्निकांड मामले की जांच को लेकर उन्होंने कहा कि मालवीय नगर होटल अग्निकांड में अभी तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और यह संख्या बढ़ भी सकती है। दिल्ली सरकार ने कहा था कि वे इसकी गहन जांच करेंगे और दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा, चाहे वे कितने भी बड़े लोग क्यों न हों।
जांच के नाम पर कार्रवाई किस पर हो रही है, यह देखने वाली बात है। केशव नेगी, जो उत्तराखंड के पहाड़ों से आते हैं और उस होटल में शेफ हैं, सारा इल्जाम उन पर डाल दिया गया है। ऐसा बताया जा रहा है जैसे सारी जिम्मेदारी उन्हीं की है, उन्हीं के कारण यह अवैध इमारत बनी और अवैध होटल चल रहा था। मानो उन्हीं की गलती के कारण पुलिस और एमसीडी ने कोई कार्रवाई नहीं की। यह सब एक भद्दा मजाक चल रहा है। उनका कहना है कि जांच के नाम पर फिर से एक गरीब को फंसाने की कोशिश की जा रही है क्योंकि वह उत्तराखंड से आए एक प्रवासी हैं। सरकार को लगता है कि उनका साथ देने वाला कोई नहीं है, लेकिन हम यह अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे और ऐसा होने नहीं देंगे। मैं रेखा गुप्ता से कहना चाहता हूं कि जांच के नाम पर गरीबों के साथ अन्याय करना बंद करें और जितने भी बड़े दोषी हैं, उन्हें बख्शा न जाए और न ही बचाने की कोशिश की जाए। “आप” को उम्मीद है कि रेखा गुप्ता की सरकार और उनका पूरा प्रशासन केशव नेगी के साथ न्याय करेगा और उनके साथ अन्याय नहीं होने देगा। अगर उनके साथ अन्याय हुआ तो न केवल दिल्ली, बल्कि उत्तराखंड के लोग भी उनके साथ खड़े होंगे और न्याय की मांग करेंगे।